Sunday, 17 July 2016

मुसल्ले ईमान




आपने कभी ध्यान दिया कि फिल्मों में अधिकांशतः मुसलमानों को दयालु भावुक मित्रवत देशभक्त दिखाया जाता है। शोले के इमाम साहब, अहमद, जंजीर का शेर खान जैसे तमाम उदाहरण मिल जायेंगे। मेरे कुछ मित्र भी हैं ऐसे। इन फिल्मों को देखकर बचपन से ही ये अवधारणा बन गई थी कि कुरता पायजामा, गोल सफ़ेद टोपी पहनने वाला, माथे पर काले निशान और दाढ़ी वाला शख्स मानवता के गुणों से लबरेज होगा।

धीरे धीरे बड़े हुए तो खुद देखने समझने की अक्ल भी आई। ईद बकरीद पर सेवई और बोटियाँ छक कर खाते पर होली में उन्हें रंग ना लगा पाते। मजार पर हम भी सर झुकाते पर वो हमारे हाथ से परशाद नहीं ले पाते।

जिन गलियों में हम धड़ल्ले से घूम आते थे, अब उनमें जाने में डर लगने लगा। पता नहीं कहाँ गलती हुई।

हम भी कोई दूध के धुले नहीं हैं। हमारे यहाँ भी 1 से बढ़ के 1 नमूने हुए, आशाराम जैसे ना जाने कितने, पर हमने ही उनको खूब लताड़ा, पर ओसामा से लेकर बगदादी तक आप खुल कर उनकी मजम्मत ना कर पाए। 1 इबादतगाह तोड़ने पर पूरी दुनिया हिला दी, बामियान जैसे हज़ारों पर आप खामोश रहे। दूर फिलिस्तीन और म्यांमार का दर्द आपने महसूस कर लिया पर अपने ही मुल्क में मुहाजिर बने लोग आपको नहीं दिखे। आपको डेनमार्क का कार्टून बर्दाश्त नहीं होता पर आप उस बुढ्ढे चित्रकार की नंगी तस्वीरों पर आँखे मूंदे रहे। आप हम साथ रोटी बोटी खाते हैं पर कोई फ़िल्मी हीरो असहिष्णुता पर ज्ञान देता है तो आप जवाब नहीं देते।

सुनते हैं की इस्लाम खतरे में है, शायद आप सही हैं, पर सोचिये की खतरा किससे है। कहीं आपकी चुप्पी का योगदान सबसे ज्यादा तो नहीं।

आप कहेंगे कि मैं आपका विरोध कर रहा हूँ, हाँ भाई, कर रहा हूँ। अगर आप अपने हैं तो आपकी शिकायत आपसे ही तो करूँगा ना।


कल, आज, कल




थोड़ा असहज विषय है, धैर्य रखियेगा।

ये जाति और इससे पैदा हुआ जातिवाद मुझे कभी समझ नहीं आया। अपनी अपनी जाति में मगन लोगों को देखता हूँ तो थोड़ा दुःख थोड़ी हँसी आती है। कोई अपने ज्ञानी होने तो कोई अपने वीर होने के घमण्ड में डूबा है। पूछो तो सत्रह का पहाड़ा ना सुना पाएं, वीर तो ऐसे की सर पे छिपकली गिरे तो कुचिपुड़ी और ब्रेक डांस एक साथ निकल जाए। कुछ इमसें भी बड़े वाले हैं,अपने दलित शोषित होने का चेक भुना रहे हैं। पूछो कि भाई तुम जो इतना इतरा रहे हो, उसमें तुम्हारी क्या काबिलियत है। जैसे सब पैदा होते हैं वैसे ही तुम भी हुए, तुम ऊपर से तो टपके नहीं, ना ही खदान से खोद के निकाले गए, फिर ये घमण्ड क्यों?
क्या कांसेप्ट है जाति का, अगर सब ब्रह्मा के शरीर से ही निकले तो कुछ ऊँचे और कुछ नीचे कैसे, भगवान के अंश भी क्या एक दूसरे से कम महत्व रखते हैं। अगर सारी जातियां ऋषि कश्यप की संतान हैं तो भी हमारे पूर्वज तो 1 ही हुए।नास्तिकों के लिए यहीं तर्क है की हम सब मैथुनी क्रिया से ही पैदा होते हैं, और होमो सेपियन्स हैं, इसलिए हममें कोई अंतर नहीं। कोई अंडज, स्वेदज हो या होमो सेपियन्स ना हो तो बात अलग है।

फिर ये जातिगत श्रेष्ठता या हीनता की बात आई कहाँ से???

अलग अलग विधाओं के वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, रिसर्चर, मैथमेटिशियन, एस्ट्रोनॉमर, लेक्चरर, प्रोफेसर जैसे काम करने वाले लोगों को ऋषि मुनि कहा जाता था, अब ऐसे प्रोफ़ेशन की इज्जत तो आज भी की जाती है, उस समय भी होती थी।
आज भी हम अपने सैनिकों को गर्व और सम्मान से देखते हैं, और आज तो खैर उतना संकट भी नहीं है। पहले हर समय साल के 6 महीने यही मार काट मची रहती थी, सैनिक दैनिक जरुरत थे।
समाज का दूसरा वर्ग इनकी विद्वता वीरता का सम्मान करता था, कालान्तर में विद्व वीर वर्ग की संतानों ने इसे अपना अधिकार समझ लिया, उनकी एकमात्र (अधिकतर की) काबिलियत यह थी कि ये उन विद्वानों और वीरों के वंशज थे।
दूसरी तरफ वो वर्ग था जो देखता था की हमसे ज्यादा सम्मान का अधिकारी कोई और है, उसे अधिक सुविधाएं प्राप्त है, उतनी ही या शायद ज्यादा ही मेहनत करता है पर उसे in comparison फल नहीं मिलता, और ये कई पीढ़ियों तक होता रहा। सम्मानित वर्ग जिसे तमाम सुविधाएं मिली थी और कामगार वर्ग में खाइयां बढ़ती गई। जिसे लगातार विशेष सुविधाएं मिलेंगी वो श्रेष्ठ महसूस करेगा ही, और जिसे इन सबसे वंचित रखा जायेगा, उसका भी अधिकार किसी और को दिया जायेगा तो वो हीनता महसूस करेगा।


समय बदला 



फिर एक ऐसा समय भी आया जब लोगों ने महसूस किया कि ये तो गलत हो रहा है, क्यों 1 इंसान दूसरे इंसान से श्रेष्ठ समझा जाए। पीढ़ियों से जिन्हें दूसरों के मुकाबले कम अधिकार दिए गए थे, उन्हें समान अधिकार दिए गए। फिर उन्हें भी समाज के हर क्षेत्र में अपना स्थान बनाने के लिए कुछ विशेष सुविधाएं दी गई।


समय है, लगातार बदलता है

(कहीं भविष्य में)



1 समय था जब कुछ लोगों के अन्याय की वजह से 1 वर्ग को दमित शोषित रखा गया, फिर उन दमितों शोषितों को बराबर का हक़ देने के लिए उन्हें कुछ विशेष अधिकार दिए गए। और यह पीढ़ियों तक चला।
पहले कुछ लोगों ने अपने पूर्वजों की विद्वता वीरता को पीढ़ियों तक भुनाया, और दूसरों को दलित बना दिया। फिर कुछ लोगों ने अपने पूर्वजों के शोषण को पीढ़ियों तक भुनाया और पहले वालों को दलित बना दिया। अब उनसे सुविधाएं छीन कर इन्हें दे दो। चलने दो ये चक्र। बनते रहने दो अभिजात्य और दलित वर्ग।




"बड़ा कौन"


अगर आपसे पूछा जाय कि प्रेम और नफरत में से "बड़ा कौन", तो बेशक आपका जवाब होगा प्रेम। है ना? पर क्या वास्तव में है ऐसा?

आसान सा समीकरण, यदि A = B और B = C तो A = C,..... माना A, B और C जीते जागते इंसान हैं। A अगर B से सच्चा प्रेम करता है तो B जिससे प्रेम करता है, मतलब C, से भी करेगा। अब जरा प्रैक्टिकली अपने आस पास के लोगों पर, हो सके तो खुद को भी इनमें से किसी जगह रखकर सोचिये कि वास्तव में ऐसा है क्या? अगर प्रेम वास्तविक होता तो एक दूसरे से होते हुए ये पूरे विश्व में व्याप्त हो गया होता। यदि ऐसा होता तो क्या ये खाप टाइप ऑनर किलिंग सुनाई देती।

-------------------------------------------------------------------------------------------------------------


आप जब किसी व्यक्ति से प्रेम करते है तो सिर्फ उस 1 व्यक्ति से प्रेम करते हैं, पर जब आप नफरत करते हैं तो उसके पूरे समुदाय, जात, धर्म, रंग, नस्ल से नफरत करने लगते हैं। केवल उदाहरण के लिए, आपका कोई मित्र बिहारी हो तो आप सारे बिहार के लिए कुछ अनुभव नहीं करते पर यदि किसी बिहारी से आपका पंगा हो तो आप पूरे बिहारियों के लिए नफरत पाल लेते हैं। अब बताइए कि बड़ा कौन?☺

-------------------------------------------------------------------------------------------------------------


ये प्रेम और नफरत हमें सिखाता कौन है? इस सवाल से ज्यादा वाजिब सवाल ये कि आप सीखते क्या हैं? जीजस और राम, नानक और बुद्ध सबने क्या सिखाया और हम इन्हीं के नाम पर एक दूसरे का कत्ल कर देते हैं। पढ़ते है कि मानव मात्र में प्रभु का वास है, और जात के नाम तलवारें निकाल लेते हैं। आप अपने अपने आराध्य तक की बात नहीं मानते, बताइए बड़ा कौन?☺
-------------------------------------------------------------------------------------------------------------


विश्व की राजनीति देख लें या अपने भारत की, जितने भी गठबंधन बने हैं, उनकी बुनियाद क्या है? नाम भले ही UN रख ले या फलाना ढिमकाना मोर्चा, इनका फेविकोल कमोबेश प्रेम के उलट ही है। बताइए .........☺



-------------------------------------------------------------------------------------------------------------

ये सवाल दसियों और उदाहरण देकर भी पूछने का मन है पर......

पुकार



कांकड़-पाथर जोड़ के, मस्जिद लिया बनाय। 
ता चढ़ि मुल्ला बांग दे, क्या बहरा हुआ खुदाय।।
                                                                 (कबीर)
-----------------------------------------------------------------------------------------------------

कल डिनर करने बाहर गए थे (फेसबुक स्टेटस नहीं डाले क्योंकि वेट करना पड़ा और हम रिसिया गए)। काफी लेट घर पहुंचे, गर्मी प्रचण्ड, जैसे तैसे सोये। आपने भी अनुभव किया होगा कि गर्मियों की भोर में गजब प्यारी नींद आती है। कुनमुनाते कुनमुनाते भोर के टाइम मस्त नींद आई ही थी की धर्म ध्वज रक्षकों की आवाजें आने लगी, चलिए गनीमत थी की 3-4 मिनट में फिर से शांति छा गई, हम भी खर्रामा खर्रामा 10 मिनट बाद फिर से निन्दियां गए, बमुश्किल 10 मिनट बाद किसी बिरहा स्टाइल का भजन शुरू हो गया। अब सोचिये कि हमरे मन में किस किस के लिए मुख पूजन का ख्याल आया होगा। 

शिकायत करने गए तो पंडि जी बोले, "भाई अजीत तुम तो यार धार्मिक टाइप आदमी हो, कम से कम तुम तो ऐतराज ना करो। हम तो लोगों को इसी बहाने भजन सुना देते हैं।" लो सुनो, मुझे तो भोजन में भी बड़ी रूचि है, कब्बो बुलाये, और कभी मन नहीं तो क्या मुँह में जबरी तरकारी ठूस दोगे कि भाई हम तो खिला ही रहे हैं न। 

पुराने जमाने में नहीं थी घड़ी, थी तो सबके पास नहीं थी। अलार्म जैसी चीज भी 'मुर्गा' ही थी, और ये मुर्गे भी बड़े बदमाश, कभी भी चिल्ल पों। तो किसी समझदार ने मोहल्ले को बताने के लिए कि भाई चलो इबादत का टाइम हो गया, मीनार पे चढ़ के आवाज देने का बहुत बढ़िया इन्तिजाम सोचा। 
आज तो लोग सास बहु सिरियल के लिए भी वेक अप कॉल, नोटिफिकेशन टोन सेट करके रखते हैं, हर घर में अट्ठारह फोन हैं, अब क्या जरूरत है मुर्गा बनने की। 

10-12 साल हो गए गाँव छोड़े, उस समय लाइट वाइट होती नहीं थी (वैसे अब भी कौन सा होती है), लोग दिन भर खेत खलिहान, गाय गोरु, गाली गुफ़्ता से थके हारे शाम 7 बजे तक सो जाते फिर 4 बजे उठ कर निपट निपटा के फिर लग जाते काम में। अब करो अजान, बजाओ भजन, आदमी प्रसन्न मन से भक्ति करेगा। पर शहरों में संभव है क्या, यहां तो बच्चे तरस जाते है बाप की शक्ल देखने को, बेचारा 8 बजे ऑफिस से निकल 9 बजे बाद घर पंहुचा, परिवार से हँसने बोलने बतियाने झगड़ने के बाद 12 बजे सोया और सुबह 5 बजे आप शुरू......


अलार्म लगा लिया करो यारों, थोड़ा धीरे गा लिया करो मित्रों, ऊपरवाला बहरा नहीं है।





पूर्वाग्रह


थक गई हूँ मैं, क्या मैंने ठेका ले रखा है आदर्श बहू बनने का। हद्द हो गई है अब तो। सब कहने लग गए हैं कि ऋतू बदल गई है। मैं, ऋतू, जिसने अपने आप को सिर्फ इन लोगों के लिए पूरा का पूरा बदल लिया, यही लोग अब मुझे ताना मारते हैं, छी। जानते भी हैं ये कि मैंने क्या क्या नहीं किया आदर्श बहू बनने के लिए। सात साल पहले वाली ऋतू में और आज की ऋतू में जमीन आसमान का फर्क है। मैं तीन भाइयों की अकेली बहन, माँ बाप की लाडली बेटी, एमबीए किया है मैंने। चाहती तो प्रज्ञा की तरह मैं भी नौकरी कर सकती थी।
कितनी शरारती थी मैं, कितनी जिद्दी, जो चीज चाहिए तो चाहिए। पापा मम्मी सारे भाई एक टांग पर खड़े रहते, मुँह से बात निकलती और वो चीज मेरे पास होती।
कॉलेज टाइम में कितने लट्टू घूमते थे मेरे आगे पीछे, किसी को भाव नहीं देती थी, वो यूनिवर्सिटी का कैप्टन भी, कूल ड्यूड विशाल, कितना पीछे पड़ा था, पर मैं ये प्यार व्यार के चक्कर में नहीं पड़ना चाहती थी। मेरे घर में किसी ने लव मैरिज नहीं की थी, मुझे भी नहीं करनी थी।
किसी सहेली की शादी में देखा था इन्होंने मुझे, कुछ दिन बाद ही पापा जी और मम्मी जी को भेज दिया हमारे घर, रिश्ते की बात करने। बड़े व्यापारी परिवार से हैं ये लोग, पापा ने हाँ कर दी। पर शर्त ये रखी की पढ़ाई पूरी होने के बाद ही शादी होगी। मैंने कभी किचेन का मुँह नहीं देखा था, पर इस एक साल में खाना बनाना सीख लिया। साड़ी वाड़ी सिर्फ कॉलेज फंक्शन में पहना था। अब केवल साड़ी। कोई सुबह 8 बजे से पहले नहीं होती थी मेरी पर जब से इस घर में आई हूँ, नियम से 6 बजे उठ जाती हूँ। व्रत वगैरह भी रखने लगी। ये पूजा पाठ, सिन्दुर बिंदी, चूड़ी बिछिया ढकोसले लगते थे पर शादी के बाद लगता था कि जब सब पहनते हैं तो पहनना चाहिए। ये बम्बई जाना चाहते थे, वहां भी ब्रांच है इनकी, पर मैंने ही मना कर दिया, अच्छा लगता है क्या यूँ सास ससुर को अकेला छोड़ कर जाना, लोग क्या कहेंगे। और तो और मुझे बच्चियां कितनी पसंद हैं, पर जब मैं माँ बनने वाली थी तो कितनी मन्नते मांगी थी मैंने कि लड़का ही हो। भगवान ने मेरी सुन ली, गौरव 6 साल का है अब। 
जब से ये प्रज्ञा आई है, अरे मेरे देवर की बीवी, लव मैरिज है, मेरा तो सोच सोच के दिमाग पक गया है। नौकरी करती थी शादी से पहले, शादी के बाद भी नहीं छोड़ी, वो तो अब मुन्नी हुई है तो घर पर ही रहती है। कितनी प्यारी है मुन्नी, सब उसे खूब प्यार करते हैं। ये महरानी 8 बजे सो कर उठती हैं,खाना वाना बनाना नहीं आता इसे। व्रत वगैरह तो करती ही नहीं। कहती है, क्यों करने हैं ये ढकोसले, कभी मन आया तो मंगलसूत्र पहनती है वरना भूल गई तो भूल गई। सुना है देवर के साथ बम्बई जायेगी।
इसे तो कभी कोई कुछ बोलता नहीं, पर कल मैं जरा देर से क्या उठी, मम्मी जी ने ताना मार दिया, लगता है बड़ी बहू की तबियत खराब है। लो जी, इन महरानी को तो कोई कुछ नहीं कहता, और मुझे जो 7 साल से वो सब करती आई है, जो आदर्श बहू को करना चाहिए, ऐसा ताना। मैं थक गई हूँ। आप ही बताइए, क्या गलती है मेरी.....


------------------------------------------------------------------------------------------------------------

कल बहुत लोगों के फोन आये, सब मुझे कोस रहे थे कि मैं अपनी इतनी भोली भाली 'आदर्श' बहू के साथ ज्यादती करती हूँ। मुझे बहुत बुरा लगा, मुझसे दिक्कत थी तो मुझसे ही कहना था, पूरे मोहल्ले में ढिंढोरा पीटने की क्या जरूरत थी। और आप लोगों में भी मुझे विलेन मान लिया। आपका भी क्या कसूर, धारणा बन गई है कि सास तो जालिम ही होती है। अब जब उसने आप लोगो से अपनी व्यथा कह ही दी, तो मैं भी उससे क्या कहूँ, आप लोग ही उसे बता देना। मेरे कुछ कहने से पहले ऋतू की बातों को फिर से याद कर लीजियेगा।
मेरी दो बहुएं हैं, ऋतू और प्रज्ञा। ऋतू को मेरे बेटे ने पसंद किया था, वैसे ही जैसे प्रज्ञा को छोटे बेटे ने। बेटों की पसंद से शादी लव मैरिज ही तो मानी जायेगी ना। ऋतू इस घर में आई तो ये उसका ही फैसला था की वो जॉब नहीं करेगी, तो क्या मैं खुद उससे कहती कि जाओ जॉब करो। मैंने तो उसे हमेशा सुबह 6 बजे ही उठते देखा, मुझे क्या सपना आता कि वो देर तक सोने की आदी है। पहले दिन से ही वो साड़ी, सिन्दुर, बिछिया वगैरह पहनती आई थी। मैं क्यों कहती की ना पहन, मुझे कैसे मालूम चलता कि उसे ये सब नहीं पसंद। कहती है की बेटी पसंद थी पर बेटे के लिए मन्नत मांगी, क्यों, क्या मैंने कहा था? बड़ा बेटा अपने परिवार के साथ बम्बई जाना चाहता था, ना जाने का फैसला तो इसका खुद का था, मैंने कब मना किया था? 'ताना', वो कहती है कि मैंने ताना मारा। रोज सुबह उठकर पूजा पाठ करने वाली लड़की अगर देर से उठे, उदास दिखे तो परिवार के सदस्य क्या कहेंगे, यही ना कि 'लगता है आज तबियत ठीक नहीं', क्या ये कहना ताना हो जाता है। 
मेरी दूसरी बहू भी तो है, आठ बजे उठती है, मुन्नी के होने से पहले जॉब भी करती थी, चूड़ी बिंदी बिछिया नहीं पहनती। मैंने तो उससे भी कभी कुछ नहीं कहा। ये बात तो खुद ऋतू ने ही आपको बताई। 'मुन्नी को सब प्यार करते हैं' भी उसने ही बताया। 
क्या चाहती है वो कि मैं प्रज्ञा को कोसू कि तूने बेटी क्यों पैदा की, जॉब क्यों करती है, देर से क्यों उठती है, व्रत वगैरह क्यों नहीं करती। हां, शायद वो यहीं चाहती है, क्योंकि वो 'आदर्श बहु' है तो मैं भी टिपिकल सास बन जाऊ। 
क्या आपको नहीं लगता कि बचपन से ही शायद देख सुन कर उसने धारणा बना ली, चश्मा पहन लिया, कि ससुराल और सास कैसी होती है, वहाँ आपको बदलना पड़ता है। ऋतू ने भी ये चश्मा पहना था, अपने आप को बदल लिया और अब कुंठित है। इसी चश्मे को ही तो पूर्वाग्रह कहते है ना।


खुद की ही बनाई अवधारणा में कैद मेरी बहू मुझे दोष देती है।


आप बताइए कि इसमें मेरी क्या गलती.......

---------------------------------------------------------------------------------------------------------

6 जुलाई 2016

प्रगति


बहुत सालों बाद पिछले महीने अपने चचेरे भाई की शादी में गांव जाना पड़ा। जी हां, सही सुना आपने, 'जाना पड़ा', कई साल पहले खानदानी लड़ाई में इतने कांड हुए कि अब जाने में कई बार सोचना पड़ता है, पर वो फिर कभी। हां तो करीब पांच साढ़े पांच साल बाद अपने गाँव गया। वैसे गांव जाना और वहां तक का सफ़र यदि बाइक से हो तो बहुत आनन्द देता है। छोटे भाई की बिलकुल नई नकोर अवेंजर बाइक, पिट्ठू बैग और गर्मियों की मस्त सुबह। सैदपुर में पहला स्टॉप लिया, रेलवे क्रोसिंग बहुत रुलाती है वहां लोगों को, पर हमें कोई जल्दी नहीं थी, जा के बैठ गए चाय की दुकान पर। प्रगति केवल शहरों तक ही सिमित नहीं रही अब, छोटे कस्बों और गावों तक में फ़ैल चुकी है, इसका अहसास हमे 5 रूपये की डिस्पोजेबल कप में मिली चाय से हो गया। 10 परसेंट दिल टूट गया, जिन्होंने कुल्हड़/भरुका में कभी चाय पी हो वो समझ सकते हैं इसे। एक बात तो है वैसे, गांव के लोग गजब मजेदार बातें करते हैं। एक पेपर पीने और चाय पगुराने में मशगूल शख्स ने कहा, भाई बड़ मस्त गाड़ी ह हो, बिल्कूले घोड़ा मतिन, केतना में मीलल मरदे? मेरे एक लाख के आसपास बताने पर बोला, हैं! त एम्मे पेट्रोले पड़ेला की सोना चांदी। 

रेलवे क्रॉसिंग खुल गया, और हम बढ़ लिए। मस्ती में चलते हुए लगभग 2 घंटे में नजदीक पहुँच गए। अब बस मेन रोड की बाजार जिसे चट्टी कहते है से करीब 1 किलोमीटर अंदर खड़ंजे वाली रोड पार करते ही नहर और फिर उसके बाद मेरा गांव। रोड से अंदर मुड़ते ही 20 परसेंट दिल फिर टूट गया। वो जानी पहचानी खड़ंजों वाली रोड की जगह, वही काली नीली सड़क, बड़े बड़े गढ्ढों के साथ। नहर पर आते ही बाकी बचा खुचा दिल था वो भी कीरिच कीरिच हो गया। 

----------------------------------------------------------------------------------------------------------

गांव की जो पहली बिलकुल साफ़ सुथरी याद है वो पांचवी क्लास की है, पापा मम्मी छोटा भाई और मैं, सीडी100 बाइक पर सवार, पीछे सिलेंडर बंधा हुआ। आज कार में वो मजा नहीं आता जो उस बाइक की टंकी पर आता था। 
नहर के दोनों किनारों पर ढेरों लिप्टस के पेड़, नहर में बहता पानी, उसमें नहाते बच्चे और भैंस, पुल से उतरते ही करीब 40 42 आम कटहल, ज्यादातर आम का बगीचा, तालाब, पाठशाला।
शहरी लड़का था तो गांव के बच्चे घेरे रहते। उन हट्टे कट्टे और अधनंगे बच्चों में मैं दुबला पतला, हरी हाफ पेंट और लाल टीशर्ट में अजीब लगता। हिटलर पापा भी हातिम ताई मोड में आ गए थे गांव में। सुबह गांव से दूर गंगा में नहाना, खरहों के पीछे भागना, टिकोरा बीनना, दोपहर में देहाती बच्चों से 'ज्ञान' प्राप्त करना, पन्ना पीना, आम और जामुन की पार्टी डायरेक्ट पेड़ो से, और ना जाने क्या क्या। पानी तो इतना मीठा कि जवाब नहीं। 
एक पागल बुढ़उ थे, बटेसर बाबा, अजीब सनकी। बगीचे में बच्चों के पीछे पीछे लगे रहते, जैसे ही कोई बच्चा आम चूस चाट कर गुठली फेक देता, लपक के उठा लेते। बड़े गौर से उस लशलशी चिपचिपी गुठली को घूरते, कभी कभी तो लगता कही मुँह में ना डाल ले। बाकी बच्चे देखकर हँसते और मुझे घिन के मारे उल्टी जैसा होने लगता। बच्चे तो बच्चे, बड़े लड़के भी कभी उन्हें देखते तो लिहाड़ी लेते, खाया अधखाया आम उन्हें दिखाते और विपरीत दिशा में फेंक देते। फिर तो जो गालियां झड़ती उनके मुखारबिंदु से की कान पक जाए। इतनी गालियां खा कर भी लड़के रोज यही काम करते और वो इतनी बत्तमीजी सह कर भी गुठली जरूर उठाते, उसे देखते, फिर अपनी मड़ई में चले जाते।
अपने बाबा से पूछा कि ये करते क्या है इन गुठलियों का। बाबा बोले, एकाध दिन में खुदे देख लेना।फिर एक दिन उन्हें देखा, बगीचे में गुठली दबाते हुए, कई जगह उन्होंने गुठलियां दबाई। बाबा को बताया मैंने आँखों देखा हाल, बोले ये पूरा बागीचा जो तुम देख रहे हो, पिछले 40-50 साल से इस बटेसर की वजह से ही है। ये आदमी गुठली देखकर समझ जाता है कि इससे पेड़ बनेगा, हर साल बीसों गुठलियां दबाता है। कुछ कुत्ते खोद जाते हैं, जो उगती हैं उन्हें बकरी बैल खा जाती है या ये बच्चे खेल खेल में उखाड़ देते हैं। फिर भी तीन चार साल में एक दो पेड़ बच ही जाता है। ये हरियाली इस पगले बटेसर की वजह से ही है। बाबा और भी पता नहीं क्या क्या बोलते रहे और मेरा ध्यान बाहर चरती बकरियों पर था, कल ही एक लड़के ने बकरी की दूध की धार डायरेक्ट मेरे मुँह में मारी थी।

------------------------------------------------------------------------------------------------------------

नहर पर आकर अपनी बाइक रोकी। सूखी नहर, दोनों किनारों पर कुल 2 लिप्टस के पेड़, फिर जब नहर से आगे बढ़ा तो बागीचा दिखा ही नहीं, उसकी जगह एक तरफ थ्रेसर लगा था भूसा छोड़ता हुआ, दूसरी तरफ बच्चे क्रिकेट खेलते हुए, जहां तालाब था वहां कूड़े का ढेर। 

प्रगति मेरे गांव तक पहुँच गई थी।

बटेसर बाबा को मरे 15 साल हो गए थे।




3 जुलाई 16

'भगवान' और व्यापारी


शहर बनारस देखा जाए तो 1 तरह से पूर्वांचल का बम्बई है, सारे पूर्वांचल और बिहार से ना जाने कितने लोग रोज ही बनारस प्रवास करते हैं। रोजी रोटी कमाने के लिए आने वालों के अलावा भी काफी लोग अपने परिजनों के बेहतर इलाज के लिए बनारस आते हैं। बीएचयू जिसे स्थानीय लोग बेचू कहते हैं, जैसा बड़ा अस्पताल तो है ही, कुछ बड़े प्राइवेट अस्पताल भी हैं जिनका काफी नाम है, इसके अलावा भी सैकड़ों की संख्या में प्राइवेट क्लीनिक है। शहर के बीचोबीच शुक्ला हॉस्पिटल में मेरे पिता का इलाज चल रहा था, कोमा में थे, आईसीयू में। शुक्ला हॉस्पिटल के मालिक स्वयं डॉक्टर हैं, गणमान्य व्यक्तियों में शुमार किये जाते हैं। माफियाराज तो खैर पूरे देश में ही है, अपहरण टाइप क्राइम बनारस में भी है। सुनते हैं कि एक बार डॉ. शुक्ल पर भी अपहरण अटेम्प्ट हो चुका था, रंगदारी देते ही होंगे। अमीरों की जान पर भी सौ अलामते होती हैं साहब। इसलिए मजबूरी में दो बॉडीगॉर्ड लेकर चलते, एक सरकारी एक निजी। वैसे होने को ये भी हो सकता है कि खुद ही अफवाह उड़ाई हो, सम्पन्नता दिखाने के लिए बॉडीगॉर्ड भी बहुत जरुरी जो हैं आजकल।

भगवान ना करे कि आपको कभी भी हॉस्पिटल या आईसीयू का मुँह देखना हो। आईसीयू में जिंदगी बहुत धीमी रफ़्तार से चलती है, लोग अपने अपने मरीजों के साथ चुपचाप बैठे रहते हैं उनका हाथ थामे, कहीं अंदर वो जानते हैं कि साथ छूटने वाला हैं पर मानव मन उम्मीद नहीं छोड़ता। भर्ती के दूसरे दिन जब मेरे होश हवाश थोड़े ठिकाने आए तो आस पास भी नजर दौड़ाई। चार बेड के कमरे में दूसरी छोर पर एक 12 साल का लड़का जलते बुझते डब्बों से घिरा लेटा हुआ था और साथ लगी टेबल पर मेरी ही उम्र का एक लड़का उस बेहोश बच्चे से ना जाने क्या बातें किये जा रहा था। कुछ देर बाद उसकी नजर मुझपर पड़ी, एक जैसे ही थे हमारे हाल, उठकर उसके पास गया, पूछा उसके मरीज के बारे में। उसने बताया की उसका एकलौता भाई, एकलौता जीवित सगा है ये लड़का। माँ बहुत पहले मर चुकी थी और बाप पिछले साल ही खत्म हुआ था। यहीं दो भाई बचे हैं, गांव के बटवारे में जो जमीन मिली वो अधिया पर छोड़ बनारस किसी दुकान पर काम करता है। आज 21 दिन से हॉस्पिटल में है। 21 दिन! 21 दिन आईसीयू में! और मेरी हालत आज दूसरे दिन ही ख़राब हो चली थी। असली बीमारी जिस लिए वो भर्ती हुआ था वो तो मुझे याद नहीं रहा पर अब उस बच्चे की पीठ कमर और नीचे के हिस्से में लगातार लेटे रहने से बेडसोर हो गया था। मिसरा जी कंपाउंडर अभी कुछ दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटे थे, वो बहुत ख्याल रखते, जो बन पड़ता वो करते। थोड़ी देर बाद वापस अपनी टेबल पर आ गया, और वो बड़ा भाई फिर से अपने छोटे बेहोश भाई से बात करने लगा।

अगली सुबह सामने गोपला की दुकान से चाय पीकर जब वापस अस्पताल लौटा तो नीचे लॉबी में ही काली गाड़ी के पास वो लड़का मिल गया, उसका छोटा भाई अब भी लेटा हुआ था, बस अंतर इतना कि बेड की जगह अर्थी टाइप कोई चीज थी। उस लड़के की नजर मुझसे मिली, मैं स्तब्ध था और अचानक उसके होंठों पर एक ना समझ आने वाली हँसी तैर गई। मुझमें उसे और देखने की ताब नहीं थी, वापस उस चार बेड के कमरे में आ गया। 

मिसरा जी अपनी ड्यूटी टाइम पर आये। पता नहीं क्यों तीनों कम्पाउंडरों में से मुझे मिसरा जी बहुत भले लगते, हल्का निकला पेट और रजनीगंधा भरा मुँह। औरों के चेहरे पर जहां कृत्रिम या पेशेगत गंभीरता दिखती, वो हमेशा मुस्कुराते रहते। जौनपुर के थे पर ठेठ बनारसी लगते। बोलते, का गुरु, इतना काहे टेंसन ले रहे हो। आओ चलो चाय लड़ाया जाए। मस्त आदमी, गजब गपोड़ी।
अगली शाम कोई बीसेक साल की लड़की भर्ती हुई, बगल वाले बेड पर, पूरा ससुराल ही आया था। नाजुक हालत थी लड़की थी, खून के पाउच चढ़ रहे थे। धीरे धीरे उसके परिवार के लोग कम होते गए, अगले पांच घंटों में कोई नहीं रहा। रात दो बजे वो लड़की कांपने सी लगी, कहीं हाथों से सुइयां ना निकल जाए, मैंने उसके दोनों हाथ कस के पकड़ लिए। उस समय मेरे अलावा कोई था ही नहीं वहां। थोड़ी देर बाद लड़की शांत हो गई। शायद मर ही गई। सुबह चार बजे उस लड़की को वहां से हटा दिया गया।

मन खिन्न हो गया, चाय पीने बाहर गोपला की दुकान पर आया, मिसरा जी बैठे दिखे, चुप, उन्हें यूँ चुप देखना ताज्जुब की बात थी। दुआ सलाम की तो मेरी तरफ देखा, मुझे उनकी आँखों में पानी सा दिखा, मूछें शायद आंसुओं से गीली हो गई थी, देखा और उठ कर चल दिए। बाद में गोपला ने बताया की अइसही बउरा जाते हैं हफ्ता दस दिन में। 
कंपाउंडर केबिन में जा कर मिला उनसे, मुझ पर भड़क गए, बुजरो के, तुमको यहीं हॉस्पिटल मिला रहा अपने बाउजी के इलाज के लिए। साले इहा डाक्टर नहीं व्यापारी इलाज करते हैं। ई सुसीला का पूरा इलाज नाही किये सब, पइसा कम पड़ रहा था और परसो उ मुन्ना, तुम्हे का लगता है बिमारी से मरा, उ बिमारी को लापरवाही कहते है। होते थे कभी डॉक्टर भगवान, हमें तो ससुर यहां इंसान भी नाहीं दिखते। जाओ इहां से, बीएचयू या पीजीआई ले जाओ उन्हें, दफा हो जाओ इहां से।

---------------------------------------------------------------------------------------------------------


क्या सच में, 'भगवानों' की जगह 'व्यापारी' ही इलाज का जिम्मा संभाले हैं?
सुना कल डॉक्टर्स डे था..... Happy Doctor's Day





2 जुलाई 16